Next Story
Newszop

गुरुग्राम: चौधरी सुरेंद्र सिंह क्रिकेट पैवेलियन में हुआ भव्य योग समारोह

Send Push

image

image

-11वें अंतरराष्ट्रीय योग कार्यक्रम की शुरुआत कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने की

-प्रशासिक अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के लोग व आमजन ने उत्साह से लिया भाग

गुरुग्राम, 21 जून (Udaipur Kiran) । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह यहां ताऊ देवीलाल स्टेडियम परिसर स्थित चौधरी सुरेंद्र सिंह क्रिकेट पैवेलियन में भव्यता से मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह पहुंचे। योग में आम और खास लोगों ने हिस्सा लेकर इस दिन को यादगार भी बनाया। योग क्रियाओं से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संबोधन भी सुनाया गया।

एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग तथा योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा थीम के साथ 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस गरिमामयी ढंग से मनाया गया। जिला प्रशासन व आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन हुआ। कार्यक्रम में आगमन पर डीसी अजय कुमार ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत हरियाणा के राज्य गीत जय जय हरियाणा के सामूहिक गायन से हुई, जिससे समूचे वातावरण में प्रदेश प्रेम और ऊर्जा की भावना का संचार हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री नायब सैनी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। इसके उपरांत योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आज योग एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है। एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य की भावना को साकार करते हुए हम सबको योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। राव ने कहा योग केवल व्यायाम नहीं है, बल्कि स्वयं के साथ विश्व और प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने का भाव है। योग हमारी जीवन शैली में परिवर्तन लाकर हमारे अन्दर जागरूकता उत्पन्न करता है तथा प्राकृतिक परिवर्तनों से शरीर में होने वाले बदलावों को सहन करने में सहायक हो सकता है। आज पूरा विश्व भारत की योग और साधना विधा का लोहा मानता है। योग सीखने की लालसा कई विदेशियों को भारत की ओर खींच रही है।

पर्यावरण संरक्षण और पॉलीथिन मुक्त गुरुग्राम के लिए आगे आएं

राव नरबीर सिंह ने गुरुग्रामवासियों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और पॉलीथिन मुक्त शहर बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण और औद्योगीकरण के बीच हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। मंत्री ने कहा कि पॉलीथिन न केवल हमारे आसपास के वातावरण को प्रदूषित करता है, बल्कि यह मिट्टी, जल और जीव-जंतुओं के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने मातृशक्ति से आग्रह किया कि वे प्लास्टिक की थैलियों का प्रयोग बंद करें और वैकल्पिक पर्यावरण अनुकूल साधनों को अपनाएं। उन्होंने युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और औद्योगिक इकाइयों से विशेष रूप से इस मुहिम में जुडऩे की अपील की।

(Udaipur Kiran)

Loving Newspoint? Download the app now