Next Story
Newszop

शिमला में अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन, राज्यपाल ने किया शुभारम्भ

Send Push

शिमला, 22 जून (Udaipur Kiran) । राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रविवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। यह आयोजन हिमाचल प्रदेश पेशेवर मुक्केबाजी संघ द्वारा ‘नशा छोड़ो-खेल खेलो’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में राज्यपाल ने आयोजन के लिए संघ को बधाई दी और इसे प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की स्मृति को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह न केवल एक जननेता थे, बल्कि उन्होंने हिमाचल के विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनका व्यक्तित्व और सेवा-भावना आज भी प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणा है।

राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन खेलों के माध्यम से समाज में नशे के खिलाफ एक सशक्त संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को जीवन का हिस्सा बनाएं, क्योंकि खेल न केवल शरीर को मजबूत करते हैं, बल्कि विचारों को भी ऊर्जावान बनाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक स्वस्थ और अनुशासित युवा ही राष्ट्र की प्रगति की नींव होता है।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि आज के समय में यह तय करना आवश्यक है कि हिमाचल ‘देव भूमि’ बना रहेगा या ‘नशे की भूमि’ बनता जाएगा। उन्होंने खेलों को नशामुक्त समाज की दिशा में एक प्रभावी उपाय बताते हुए इसकी सक्रिय भागीदारी पर बल दिया।

उन्होंने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की भी सराहना की, जिन्होंने इस तरह के आयोजन को प्रोत्साहित किया और युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित किया। शुभारंभ के अवसर पर राज्यपाल ने भारत और रूस के मुक्केबाजों के बीच मुकाबले का आनंद भी लिया।

इस अवसर पर झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति त्रिलोक चौहान, हिमाचल हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अजय मोहन गोयल, मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक नंदलाल और हरीश जनारथा, महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, राज्यपाल के सचिव चंद्र प्रकाश वर्मा और मुक्केबाजी संघ के पदाधिकारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Loving Newspoint? Download the app now