Next Story
Newszop

यूपी में 2027 का चुनाव देश की राजनीति बदलने वाला होगा : अखिलेश यादव

Send Push

लखनऊ,23 जून (Udaipur Kiran) । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 का विधानसभा चुनाव देश की राजनीति को बदलने वाला साबित होगा। चुनावों में भाजपा की धांधली रोकना होगा। भाजपा की साजिशों से सावधान रहना होगा। समाजवादी पार्टी के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर बूथ स्तर तक पार्टी संगठन को मजबूत बनाकर भाजपा का सफाया करना होगा।

अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में बड़ी संख्या में एकत्र पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उनके सम्बोधन के पूर्व स्टैण्डअप कॉमेडियन राजीव निगम की ‘‘बहुत हुआ सम्मान‘‘ कमेडी को सराहा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए की रणनीति से भाजपा को हराने का काम करेगी। भाजपा सरकार पीडीए के साथ अन्याय, अत्याचार कर रही है। भाजपा पीडीए विरोधी है। पीडीए का आरक्षण और हक छीन रही है। पीडीए एक भावनात्मक गठबंधन है। उन्होंने कहा कि भाजपा षडयंत्रकारी पार्टी है। समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सावधानी के साथ बूथ को मजबूत करने और वोटर लिस्ट को ठीक कराने का काम करें। वोटर लिस्ट में नये वोटरों और छूटे वोटरों का नाम जुड़वाना है। जनता के बीच पहुंचकर भाजपा के साजिश और षड्यंत्र का पर्दाफाश करना है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, लूट, अराजकता चरम पर है। इस सरकार में हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार है। प्रदेश में ऐसा भ्रष्टाचार और लूट कभी किसी सरकार में नहीं हुई। ट्रांसफर पोस्टिंग में जमकर उगाही चल रही है। भ्रष्टाचार के पैसे के बंटवारे के लिए मंत्री, अधिकारी से लेकर हर स्तर पर लड़ाई चल रही है। जनता ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाया है। अयोध्या में जनता ने भाजपा को हराकर उसकी साम्प्रदायिक राजनीति का अंत कर दिया है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा का सफाया करने जा रही है।

इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय महासचिव, शिव पाल सिंह यादव, सांसद धर्मेन्द्र यादव, सांसद जावेद अली, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक नबाव इकबाल महमूद, रविदास मेहरोत्रा, संग्राम सिंह, आशु मलिक, पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी, योगेश प्रताप सिंह, डॉ. राजपाल कश्यप, रीबू श्रीवास्तव, फाखिर सिद्दीकी समेत बड़ी संख्या में नेता कार्यकर्ता शामिल रहे।

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Loving Newspoint? Download the app now