तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय का आज जन्मदिन है। अपनी शानदार एक्टिंग और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस से लोगों का दिल जीतने वाले विजय का फिल्मी करियर तीन दशक से भी ज्यादा लंबा है। उन्होंने अब तक करीब 68 फिल्मों में काम किया है और दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। विजय सिर्फ एक्टर ही नहीं बल्कि एक अच्छे सिंगर भी हैं। उन्होंने कई फिल्मों में अपने गानों से फैंस को मंत्रमुग्ध भी किया है। एक्टिंग और सिंगिंग के बाद विजय ने अब राजनीति में कदम रख दिया है। पिछले साल ही उन्होंने अपनी नई पार्टी का ऐलान किया था। आज उनके जन्मदिन पर आइए जानते हैं विजय के बारे में...
चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर की थी करियर की शुरुआत
22 जून 1974 को जन्मे विजय का असली नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है। उनके पिता एस.ए. चंद्रशेखर डायरेक्टर हैं। वहीं, मां शोभा चंद्रशेखर प्लेबैक सिंगर हैं। एक्टर विजय चंद्रशेखर ने अपने करियर की शुरुआत चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर की थी। उन्होंने कई फिल्मों में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम किया। बतौर लीड एक्टर विजय की पहली फिल्म 'नालया थीरपु' थी। उन्होंने 18 साल की उम्र में यह फिल्म साइन की थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
इन फिल्मों में किया है काम
विजय ने 'राजाविन परवयिले', 'मिनसारा कन्ना', 'बीस्ट', 'शाहजहां' जैसी फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाया है। उनकी फिल्म 'लियो' साल 2023 में ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इसके अलावा पिछले साल 'GOAT' यानी 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' से भी उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरीं। विजय की आने वाली फिल्म 'जन नायकन' है। इसे 'दलापति 69' भी कहा जा रहा है।
कब रिलीज होगी 'जन नायकन'?
फिल्म 'जन नायकन' के बाद एक्टर विजय अपना पूरा ध्यान राजनीति पर लगाएंगे। यह फिल्म जनवरी 2026 में पोंगल के मौके पर रिलीज होगी। इस फिल्म में बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, प्रियमणि, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज और नारायण मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। अभिनेता विजय अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए भी चर्चा में रहते हैं। फीस के मामले में उन्होंने रजनीकांत को भी पीछे छोड़ दिया है। विजय एक फिल्म के लिए 65 से 100 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं। विजय की नेटवर्थ की बात करें तो उनकी अनुमानित नेटवर्थ 500 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
2026 के चुनाव में किस्मत आजमाने को तैयार
अभिनय की दुनिया पर राज करने के बाद राजनीति में कदम रखने वाले विजय ने पिछले साल फरवरी में अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान किया था। उनकी पार्टी का नाम तमिलगा वेत्री कझम है। विजय की राजनीतिक पार्टी तमिलनाडु में 2026 के विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाने को तैयार है। पार्टी का झंडा और चुनाव चिन्ह जारी कर दिया गया है।
अपनी फैन से की शादी
कई अभिनेत्रियों के साथ पर्दे पर रोमांस कर चुके एक्टर विजय ने अपनी एक फैन संगीता से शादी की, जो यूके में रहती हैं। विजय और संगीता की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दरअसल, संगीता ने एक्टर को उनके शूटिंग सेट पर आकर अपने बारे में बताया था। इसके बाद दोनों की बातचीत होने लगी और वे एक-दूसरे को पसंद करने लगे। एक दिन विजय के पिता ने संगीता को अपने घर बुलाया और उनके सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिस पर संगीता ने तुरंत हां कर दी। विजय ने 25 अगस्त 1999 को संगीता से शादी कर ली।